दैनिक केसरिया हिंदुस्तान/स्थानीय संपादक सिंगरौली अनुरोध शुक्ला
सिंगरौली/ देवसर बाजार स्थित गौरव सायकल स्टोर में हुई भीषण आगजनी की घटना के बाद पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय पाठक ने घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि बार-बार हो रही आगजनी की घटनाएं चिंता का विषय हैं और इनके कारण स्थानीय व्यापारियों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।
अजय पाठक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल जिला कलेक्टर गौरव बैनल, तहसीलदार एवं थाना प्रभारी को सूचना दी। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों, ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से आसपास के कई ट्यूबवेलों से पानी की व्यवस्था कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। समय रहते किए गए प्रयासों से आग को फैलने से रोका जा सका।
घटनास्थल पर पहुंचकर अजय पाठक ने प्रभावित व्यापारी राजेश गुप्ता (गौरव सायकल स्टोर संचालक) से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी। इस दौरान तहसीलदार ऋषीनारायण सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों के साथ उन्होंने आग से हुए नुकसान का अवलोकन किया और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।
उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन एक परिवार की वर्षों की मेहनत, व्यवसाय और आजीविका का प्रमुख साधन आग की भेंट चढ़ गया है। ऐसे समय में समाज, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को मिलकर प्रभावित परिवार की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
श्री पाठक ने प्रशासन से आगजनी की घटना की जांच कराने तथा प्रभावित व्यापारी को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की। वहीं स्थानीय नागरिकों ने भी पीड़ित परिवार को राहत दिलाने के लिए शासन-प्रशासन से विशेष सहायता पैकेज की मांग उठाई है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







