बरहा में गूंजा विकास का संदेश, राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने चौपाल में सुनीं जनसमस्याएं

SHARE:

हरीश कुमार पाण्डेय/ जिलाब्यूरो

विज्ञान पार्क का उद्घाटन, पौधरोपण और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान बना आकर्षण का केंद्र
पीलीभीत। विकासखंड ललौरीखेड़ा के कम्पोजिट विद्यालय बरहा में सोमवार को आयोजित चौपाल कार्यक्रम विकास, शिक्षा और जनकल्याण के संदेश के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए विद्यालय परिसर में नवस्थापित विज्ञान पार्क एवं खेल मैदान की भूमि का उद्घाटन किया। राज्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान पार्क बच्चों में वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करेगा तथा उन्हें नवाचार और प्रयोगधर्मिता की ओर प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। चौपाल के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों द्वारा बरातघर निर्माण की मांग उठाए जाने पर उन्होंने तहसीलदार को भूमि चिन्हांकन एवं आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए। साथ ही आसाम रोड से रेलवे फाटक तक सड़क निर्माण की मांग पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामूहिक विवाह योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से उनका लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कार्यक्रम के बाद राज्यमंत्री, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र एवं अन्य अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। इस अवसर पर मंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। चौपाल में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। नवोदय विद्यालय में चयनित छात्रा को शील्ड प्रदान की गई, जबकि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान परीक्षा में जनपद में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले छात्र को इसरो, बेंगलुरु भ्रमण के लिए सम्मानित किया गया। यातायात सप्ताह के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार एवं चेक वितरित किए गए। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिव को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। चौपाल के माध्यम से ग्रामीण समस्याओं के त्वरित समाधान, विकास कार्यों की समीक्षा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई