हरीश कुमार पाण्डेय / जिलाब्यूरो
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के पहले दिन पीलीभीत में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर हजारों अभ्यर्थियों ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा दी। परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें दिखाई दीं। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की तीन चरणों में गहन जांच की गई। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल घड़ी समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को केंद्र के बाहर ही जमा कराया गया। जांच पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्षों में प्रवेश मिला। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए केंद्र व्यवस्थापकों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की कोशिश पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनपद में आयोजित परीक्षा में कुल 13,884 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा के लिए उपाधि महाविद्यालय, ड्रमण्ड राजकीय इंटर कॉलेज, रामा इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, एसएन इंटर कॉलेज तथा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज को केंद्र बनाया गया है।
बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, रामपुर, संभल और लखीमपुर खीरी सहित आसपास के जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख चौराहों पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। साथ ही पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। तीन दिनों तक चलने वाली यह भर्ती परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहले दिन सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। प्रशासन का दावा है कि आगामी पालियों में भी पूरी सतर्कता के साथ परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







