अलग-अलग घटनाओं में तीन सगे भाई बहन के साथ 6 की डूबने से मौत पुलिस ने सभी लोगों का कराया पोस्टमार्टम

SHARE:

हमीरपुर
ब्यूरो चीफ कामिनी सिंह
हमीरपुर। गुरुवार को अलग-अलग हुई घटनाओं में पानी से डूबने से 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन सगे भाई बहन हैं जबकि दो चालक और खलासी है। एक मंदबुद्धि किशोर है। चार की मौत तालाब में तथा दो की मौत बेतवा नदी में डूबने से हुई है। इन घटनाओं से मृतकों के घरों में कोहराम मच गया है।
पहली घटना गुरुवार को तड़के बेतवा पुल में हुई। चालक को झपकी आ जाने से डंफर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग को तोड़कर नदी में गिर गया। इस घटना में चालक राजकुमार निवासी मौदहा तथा उसके खलासी शिवम यादव की पानी में डूबने से मौत हो गई। दूसरी घटना सिसोलर कस्बे में हुई, यहां बुधवार से लापता मंदबुद्धि किशोर प्रकाश खंगार 14 वर्ष का शव तालाब में गुरुवार सुबह उतराता पाया गया। तीसरी दर्दनाक घटना छानी खुर्द गांव में हुई। यहां के निवासी रमेश श्रीवास की पत्नी पार्वती अपने बच्चों शिवेंद्र 10 वर्ष, रुद्रांश 8 वर्ष, मांडवी 5 वर्ष के साथ पंचायत भवन के सामने बने अमृत सरोवर तालाब में कपड़े धोने और नहाने गई थी। पार्वती जब कपड़े धोने में मशगूल हो गई। तभी तीनों बच्चे मां की नजरें बचाकर तेज धूप उमस से बचने के लिए गहरे तालाब में उतर गए और तीनों देखते ही देखते पानी में समा गए। बच्चों को डूबता देखकर पार्वती के शोर मचाने पर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बच्चों को ढूंढा और तालाब से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां पर मौजूद चिकित्सकों ने तीनों बच्चों को परीक्षण के उपरांत मृत घोषित कर दिया। बच्चों के मरने की सूचना मिलते ही मां-बाप बेसुध हो गये। अचानक हुई इस घटना से गांव में सन्नाटा पसर गया है। बच्चों के तालाब में डूबने की सूचना पाकर जिला पंचायत सदस्य हरगोविंद प्रजापति, प्रधान प्रतिनिधि अरुण कुमार वर्मा सीएचसी पंहुचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। अचानक हुई इन घटनाओं से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। एक पखवारे के अंदर बच्चों के तालाब में डूबने की यह दूसरी घटना है। इसके पूर्व मौदहा कोतवाली के खंडेह गांव में तीन बच्चों की मौत तालाब में डूबने से हुई थी। अभी जनपद वासी इस घटना को भूल भी नहीं पाए थे कि इसी बीच छानी खुर्द में हुई यह घटना लोगों को झकझोर गई है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई