दैनिक केसरिया हिंदुस्तान/ब्यूरो सिगरौली अनुरोध शुक्ला
सिंगरौली/ विश्वामित्र पाठक ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए। विधानसभा क्षेत्र सिहावल में स्वीकृत सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश भी उन्होंने अधिकारियों को दिए।
शुक्रवार 29 मई 2026 को जनपद कार्यालय सिहावल के सभागार में विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक विधायक विश्वामित्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान विधायक ने खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी गांव पेयजल संकट से प्रभावित न रहे तथा सभी ग्रामों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नल-जल योजनाओं का कार्य गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण कर पंचायतों को हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए गए।
जल निगम की समीक्षा में पाइपलाइन एवं पानी की टंकियों के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तेजी लाने पर जोर दिया गया। जनपद पंचायत के कार्यों की समीक्षा करते हुए विधायक ने सामूहिक एवं हितग्राही मूलक योजनाओं में अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन करने तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नवीन स्वीकृत, प्रगतिरत एवं पूर्ण कार्यों की जानकारी लेते हुए पूर्ण कार्यों का लोकार्पण कराने और लंबे समय से अधूरे पड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी अस्पतालों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल और शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाकर योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
निर्माण एजेंसियों पीडब्ल्यूडी, आरईएस एवं प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने तथा पूर्ण कार्यों का लोकार्पण कराने के निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खरीफ सीजन के लिए खाद एवं बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं गुलाब सागर नहर परियोजना के मुआवजा वितरण में तेजी लाकर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में पाठ्यपुस्तकों, गणवेश एवं साइकिल वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई। आजीविका मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए विधायक ने अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया।
वाणसागर नहर से सिंचाई सुविधा से वंचित खड़बड़ा, तितली, सेहुंडा दुराव, रामनगर, परसौना सहित 10 गांवों के लिए सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने हेतु डीपीआर तैयार कर स्वीकृति की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं बांकी से बघोर व्यौहारखांड के बीच गौ-संवर्धन कार्यों के लिए भी समुचित कार्रवाई करने को कहा गया।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान क्षेत्र में सुचारू विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। विधायक विश्वामित्र पाठक ने सभी खंड स्तरीय अधिकारियों से योजनाओं का क्रियान्वयन तत्परता और पारदर्शिता के साथ करने तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने की बात कही।
बैठक में उपखंड अधिकारी सिहावल राजेश शुक्ला, जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय, तहसीलदार जयप्रकाश पाण्डेय, बीडीओ रश्मि पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







