विपिन मित्तल दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
औरैया, 21 मई। भारत सरकार के स्वच्छ भारत मिशन की मार्गदर्शिका के अनुरूप, एनटीपीसी औरैया परियोजना में 16 मई 2026 से 31 मई 2026 तक ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज, 21 मई 2026 को प्रातः 6:00 बजे, एनटीपीसी औरैया टाउनशिप परिसर में वृहद श्रमदान अभियान का सफल आयोजन किया गया।
इस अभियान का नेतृत्व परियोजना प्रमुख श्री शुभाशीष गुहा ने किया। उनके साथ अपर महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, जागृति महिला मंडल की समिति सदस्य, बड़ी संख्या में कर्मचारीगण एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
श्रमदान की शुरुआत अतिथि गृह परिसर से की गई, जो शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं टाउनशिप के विभिन्न स्थलों तक विस्तारित हुई। इस दौरान परिसर में व्याप्त कूड़ा-करकट को हटाकर गहन सफाई की गई। विशेष रूप से इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्लास्टिक कचरे का समुचित निपटान किया गया, ताकि एनटीपीसी औरैया परियोजना को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से मुक्त रखा जा सके। अभियान का मुख्य उद्देश्य टाउनशिप को स्वच्छ, सुंदर एवं रोगमुक्त बनाना तथा जन-जन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का प्रसार करना था।
जोन-वार सुनिश्चित की गई स्वच्छता की जिम्मेदारी
टाउनशिप में स्थायी स्वच्छता बनाए रखने हेतु संपूर्ण परिसर को विभिन्न स्वच्छता जोनों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन की सफाई एवं रखरखाव के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम बनाकर उनकी विशिष्ट ड्यूटी लगाई गई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि टाउनशिप का प्रत्येक क्षेत्र निरंतर स्वच्छ रहे और सभी निवासी एक स्वस्थ वातावरण में प्रसन्नतापूर्वक रह सकें।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख श्री शुभाशीष गुहा ने कहा, _”स्वच्छता पखवाड़ा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक संस्कार है। भारत सरकार की स्वच्छ भारत मिशन की भावना के अनुरूप एनटीपीसी औरैया निरंतर प्रयासरत है। हमारा मानना है कि ‘जहाँ स्वच्छता होती है, वहीं बीमारियों का अंत होता है’। इस संदेश को हम एनटीपीसी औरैया से पूरे भारत में प्रसारित करना चाहते हैं। स्वच्छ एवं हरित परिसर बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”_
उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत आगामी दिनों में टाउनशिप एवं परियोजना परिसर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं एवं सफाई अभियान आयोजित किए जाएंगे। एनटीपीसी औरैया राष्ट्र निर्माण में स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करते हुए अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







