दैनिक केसरिया हिंदुस्तान/ब्यूरो सिंगरौली अनुरोध शुक्ला
सिंगरौली/ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन (एटक) मध्यप्रदेश के बैनर तले बुधवार को देवसर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मिनी कार्यकर्ताओं ने लंबित मानदेय एरियर्स और ग्रेच्युटी भुगतान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन उपखंड अधिकारी देवसर के माध्यम से प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में यूनियन की प्रदेश महासचिव विभा पांडे ने बताया कि उच्च न्यायालय जबलपुर में दायर रिट याचिका क्रमांक 14501/2019 में दिए गए आदेश के अनुसार 27 जून 2019 से पूर्व काटे गए मानदेय हिस्से को पुनः बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। न्यायालय के आदेशानुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 1500 रुपये प्रतिमाह, सहायिकाओं को 750 रुपये तथा मिनी कार्यकर्ताओं को 1250 रुपये प्रतिमाह की दर से एरियर्स सहित भुगतान किया जाना है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 84 माह के एरियर्स के रूप में कार्यकर्ताओं को लगभग 1 लाख 26 हजार रुपये, सहायिकाओं को 63 हजार रुपये तथा मिनी कार्यकर्ताओं को 1 लाख 5 हजार रुपये के साथ 6 प्रतिशत ब्याज दिए जाने का प्रावधान है। साथ ही रिट याचिका क्रमांक 5960/2023 के आदेश के तहत शासन को 3 जून 2026 तक भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
यूनियन ने यह भी मांग उठाई कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को सेवानिवृत्ति के बाद पेमेंट ऑफ ग्रेच्युटी एक्ट 1972 के तहत ग्रेच्युटी का लाभ दिया जाए। ज्ञापन में कहा गया कि पूर्व में सरकार द्वारा एकमुश्त सहायता राशि दी जाती थी, लेकिन न्यायालय ने नियमित ग्रेच्युटी भुगतान का आदेश दिया है।
इस दौरान जिला अध्यक्ष शीला सिंह, सहयोगी शीला मिश्रा, शकुंतला शुक्ला, तारा सिंह, चित्रवा मिश्रा, पार्वती मिश्रा, स्नेहलता, शांति गुप्ता, जयश्री मिश्रा, अपर्णा शुक्ला सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। यूनियन पदाधिकारियों ने शासन से शीघ्र आदेश जारी कर भुगतान कराने की मांग की है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







