माड़ा उपखंड के दूरस्थ ग्राम जीर में आयोजित हुई रात्रि जन चौपाल कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

SHARE:

कार्य में लापरवाही बरतने पर आशा एएनएम एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की सेवा समाप्ति के निर्देश 16 मई को ग्राम जीर में जन समस्या निवारण शिविर का किया जाएगा आयोजन
रामप्रकाश उपाध्याय ब्यूरो प्रमुख सिंगरौली दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
सिंगरौली |माड़ा उपखंड के दूरस्थ ग्राम जीर में कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में रात्रि जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं के संबंध में ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त की गई। ग्रामीणों ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र समय पर संचालित नहीं होता तथा बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध नहीं कराया जाता। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी केंद्र नियमित रूप से संचालित हों एवं बच्चों को निर्धारित मेन्यू अनुसार पोषण आहार उपलब्ध कराया जाए।
उप स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच एवं समय पर चिन्हांकन नहीं किया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए। वहीं सम्बंधित क्षेत्र के सीएचओ पर कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक जानकारी अपडेट की जाए। साथ ही ग्राम के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर एसएएम एवं एमएएम बच्चों का चिन्हांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ग्राम के 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों का चिन्हांकन किया जाए तथा जिन पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनका शिविर के माध्यम से तत्काल आयुष्मान कार्ड बनाया जाना सुनिश्चित किया जाए।

राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत नियमित रूप से राशन वितरण नहीं किया जाता तथा पीओएस मशीन में अंगूठा लगाकर डेटा दर्ज कर लिया जाता है। ग्रामीणों ने राशन में कटौती किए जाने की भी शिकायत की इस पर कलेक्टर ने खाद्य आपूर्ति अधिकारी संबंधित कोटेदार के विरुद्ध जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर शत-प्रतिशत राशन वितरण सुनिश्चित करें तथा हितग्राहियों की ई-केवाईसी शिविर में ही पूर्ण कराई जाए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों का मौके पर ही निराकरण करने के निर्देश दिए।

ग्रामवासियों द्वारा सचिव एवं सहायक सचिव की अनुपस्थिति तथा हितग्राही मूलक योजनाओं में लापरवाही की शिकायत भी की गई। ग्रामीणों ने बताया कि आधार एवं समग्र ई-केवाईसी नहीं किए जाने से पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सचिव एवं सहायक सचिव की जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

ग्राम अंतर्गत राजस्व विभाग से संबंधित नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारे के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर लगाकर लंबित प्रकरणों का निराकरण किया जाए तथा समय-सीमा में आदेश पारित किए जाएं। उन्होंने पटवारियों को अपने निर्धारित दिवस पर हल्के में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए।

ग्राम में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि बंद पड़े हैंडपंपों की जांच कर उन्हें तत्काल चालू कराया जाए तथा पेयजल गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि नल-जल योजना के माध्यम से ग्रामवासियों को सुचारु पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही ग्रामीणों से जल गंगा संवर्धन अभियान एवं जल संरक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने सीईओ जनपद पंचायत बैढ़न को ग्राम में तालाब निर्माण हेतु उपयुक्त स्थल चयन के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने ग्राम में संचालित स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद कर उनके आजीविका संबंधी कार्यों की जानकारी ली। समूह की महिलाओं ने टेलरिंग सहित अन्य स्वरोजगार गतिविधियों के प्रशिक्षण की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने महिलाओं को उनकी रुचि अनुसार प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने महिलाओं से समूह में अधिकाधिक महिलाओं को जोड़ने तथा बकरी पालन, मुर्गी पालन एवं डेयरी आधारित परियोजनाओं के प्रस्ताव प्रस्तुत करने का आग्रह किया, ताकि एसआरएलएम एवं सीएसआर मद से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर आय में वृद्धि की जा सके।

रात्रि जन चौपाल के माध्यम से कलेक्टर ने ग्रामवासियों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। जनचौपाल के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचना चाहिए, और इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ने कहा कि प्रशासनिक सक्रियता को आगे बढ़ाने हेतु कल 16 मई को सुबह 10:00 बजे से जीर पंचायत में ‘कैम्प मोड’ में एक विशेष विभागीय शिविर का आयोजन किया जाए। इस शिविर में जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं उपस्थित रहकर स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पी.एच.ई., विद्युत विभाग, खाद्य विभाग सहित जनपद पंचायत और एस.डी.एम. की राजस्व टीम के विभागीय कार्यों का संपादन करेंगे। इसके साथ ही ग्रामीणों की सुविधा के लिए शिविर में आधार कार्ड अपडेट कराने की भी विशेष व्यवस्था की गई है। जन चौपाल में सीईओ जिला पंचायत श्री जगदीश गोमे, एसडीएम माडा नंदन तिवारी, तहसीलदार जानवी शुक्ला, प्रतिष्ठा सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद डामोर, सीएमएचओ डॉ पुष्पराज सिंह, डीपीओ जितेंद्र गुप्ता, खाद्य आपूर्ति अधिकारी पी सी चंद्रवंशी, सहकारिता आयुक्त पी के मिश्रा, ई पीएचई त्रिलोक सिंह वरकड़े, सीईओ जनपद बैढ़न सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई

पिपरिया भाजपा कार्यालय में गूंजा संगठन मंत्र, जिला महामंत्री मुकेश चन्द्र मैना ने कसी कार्यकर्ताओं की लगाम पूर्व जिलाध्यक्ष माधव दास अग्रवाल और मंडल अध्यक्ष बलराम ठाकुर ने किया प्रभारी का भव्य स्वागत