दैनिक केसरिया हिंदुस्तान फैसल कुरैशी
मथुरा। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के संगठन विस्तार अभियान के तहत रविवार को मथुरा में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीतियों पर चर्चा की गई। इसी दौरान पार्टी नेतृत्व ने मोइनुद्दीन कुरैशी को मथुरा महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन को नई दिशा देने का भरोसा जताया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि राजवीर सिंह के निर्देशानुसार मोइनुद्दीन कुरैशी के नाम की औपचारिक घोषणा की गई। जैसे ही उनके नाम की घोषणा हुई, पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बन गया और “सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी जिंदाबाद” के नारों से पूरा कार्यक्रम स्थल गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने फूलमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर नए महानगर अध्यक्ष का स्वागत किया।
नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष मोइनुद्दीन कुरैशी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा समाज के सभी वर्गों की आवाज उठाने का काम करती रही है और आने वाले समय में युवाओं, अल्पसंख्यकों और पिछड़े वर्गों को संगठन से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही मथुरा महानगर में पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों ने भी मोइनुद्दीन कुरैशी को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिलेगी। इस दौरान जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक असलम कुरैशी, विधानसभा अध्यक्ष गोवर्धन संजय सैनी, योगेश जी, भोला पहलवान, राजू, सुमित सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







