जितेन्द्र कुमार शर्मा
संवाददाता पूरनपुर/पीलीभीत
दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान
129 विधानसभा क्षेत्र पूरनपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बूंदी भूढ़ में शराब की दुकान के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रही महिलाओं, छात्राओं एवं ग्रामीणों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की घटना को समाजवादी पार्टी ने बेहद निंदनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। घटना में कई बुजुर्ग महिलाओं, छात्राओं एवं ग्रामीणों को गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि मौके पर पर्याप्त संख्या में महिला कांस्टेबल मौजूद होने के बावजूद पुरुष पुलिसकर्मियों ने महिलाओं पर लाठी-डंडों से प्रहार किया। इतना ही नहीं, घायल महिलाओं पर ही मुकदमे दर्ज कर प्रशासन द्वारा दबाव बनाने का प्रयास किया गया, जिसे लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जगदेव सिंह जग्गा जिला अध्यक्ष जी के नेतृत्व में ग्राम पंचायत बूंदी बुढ़ पहुंचा और ग्रामीणों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि गांव का प्रत्येक वर्ग शराब की दुकान का विरोध कर रहा है, क्योंकि इससे सामाजिक वातावरण खराब होने की आशंका है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कुछ समय मांगा है। निर्धारित समय पर यदि प्रशासन उचित कार्रवाई नहीं करता तो समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवारों की लड़ाई लड़ेगी ।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने कहा कि “भाजपा सरकार महिला सम्मान और सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण विरोध कर रही महिलाओं और छात्राओं पर ही लाठियां बरसाई जा रही हैं। यह बेहद शर्मनाक और लोकतंत्र को कुचलने वाला कृत्य है। समाजवादी पार्टी गरीबों, महिलाओं, किसानों, छात्रों और नौजवानों की आवाज को दबाने नहीं देगी। यदि प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की प्रशासन द्वारा निर्धारित समय पर ग्रामीण पर किए गए झूठे मुकदमों को खारिज करना एवं शराब की भट्टी को का लाइसेंस निरस्त कर ठेकेदारों पर कार्रवाई नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।”
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की आवाज सुनने के बजाय प्रशासन मुकदमे दर्ज कर भय का माहौल बनाने का प्रयास कर रहा है। शराब की दुकान का विरोध पूरे गांव द्वारा किया जा रहा है, ऐसे में प्रशासन को जनता की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।
ग्रामीणों का आरोप है कि शराब की दुकान भाजपा नेताओं के संरक्षण में खोली जा रही है और विरोध की आवाज को दबाने के लिए प्रशासन का इस्तेमाल किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी ने लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा निर्दोष महिलाओं और ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लेने की मांग की है।
समाजवादी प्रतिनिधिमंडल में जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह यादव, समाजवादी यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज यादव, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय सचिव अरशद दद्दा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समाजवादी युवजन सभा राजकुमार राजू, समाजवादी यूथ ब्रिगेड जिला अध्यक्ष संजय खान, 129 विधानसभा उपाध्यक्ष सतीश वर्मा, महिला सभा विधानसभा अध्यक्ष मीता सिंह, पप्पू शाह, ओम शर्मा समेत दर्जनों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







