दैनिक केसरिया हिंदुस्तान जिला ब्यूरो लोकेंद्र सोलंकी
समर कैंप में योगा शिविर का समापन,स्कूली बच्चों ने लिया भाग
भितरवार। स्वर्गाश्रम शिशु विहार इंग्लिश मीडियम विद्यालय द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन समर कैंप प्रथम चरण के अंतर्गत संचालित योगा शिविर का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। शिविर में लगभग 50 बच्चों ने सहभागिता की, जिनमें अन्य विद्यालयों के विद्यार्थी भी शामिल रहे। समापन अवसर पर प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।योग प्रशिक्षक एवं सेवानिवृत्त शिक्षक वेदप्रकाश श्रीवास्तव ने बच्चों को योग की विभिन्न क्रियाओं, सूक्ष्म व्यायामों, श्वास क्रियाओं एवं सरल योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। योग शरीर को स्वस्थ, मन को शांत एवं विचारों को सकारात्मक बनाता है, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं एकाग्रता का विकास होता है।
शिविर में बच्चों को सूक्ष्म आवृत्तियां, खड़े होकर किए जाने वाले आसन, बैठकर किए जाने वाले आसन, पेट एवं पीठ के बल किए जाने वाले योगासन तथा भस्त्रिका, कपालभाति, भ्रामरी एवं पूर्ण प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। साथ ही ध्यान के महत्व की जानकारी भी दी गई। योगाभ्यास के दौरान बच्चों में नई ऊर्जा एवं उत्साह देखने को मिला।
योग शिविर में बच्चों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ भाग लिया। अन्य विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने भी शिविर में बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए योग की विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया। शिविर के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं नियमित दिनचर्या के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।समापन समारोह में विद्यालय संचालक एसके सिसोदिया ने कहा कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि 12 मई से समर कैंप का दूसरा चरण प्रारंभ होगा, जिसके अंतर्गत बच्चों के लिए आर्ट एवं कला शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में चित्रकला, हस्तकला एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अभिभावकों एवं उपस्थित जनों ने विद्यालय द्वारा आयोजित योग शिविर एवं समर कैंप की सराहना करते हुए इसे बच्चों के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायी पहल बताया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







