हमीरपुर
ब्यूरो चीफ कामिनी सिंह
भरुआ सुमेरपुर। शनिवार रात हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक की कानपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
नारायणपुर गांव निवासी अर्जुन (32) पुत्र सिद्धगोपाल शनिवार रात कस्बे से सब्जी खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। गल्ला मंडी के सामने पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे लकड़ी लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अर्जुन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल अर्जुन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर कानपुर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
अर्जुन अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटों को छोड़ गए हैं। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर फैक्टरी एरिया चौकी में खड़ा करा दिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में लकड़ी लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







