हरीश कुमार पांडे/ जिला ब्यूरो
पीलीभीत। जनगणना-2027 के प्रथम चरण की शुरुआत गुरुवार को जनपद पीलीभीत में विधिवत रूप से कर दी गई। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्वयं स्व-गणना फार्म भरकर अभियान का शुभारम्भ किया। इसके बाद गांधी सभागार में जनगणना-2027 को लेकर जनपद स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों को स्व-गणना प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कार्यशाला के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पोर्टल पर अपने-अपने स्व-गणना फार्म भरकर इस अभियान में सहभागिता की। साथ ही जनप्रतिनिधियों ने भी स्व-गणना फार्म भरकर जनगणना के प्रथम चरण की शुरुआत में भागीदारी निभाई। जिलाधिकारी ने बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया 7 मई से शुरू होकर 21 मई 2026 तक चलेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से भी समयबद्ध तरीके से स्व-गणना फार्म भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जनभागीदारी बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि डेटा की शुद्धता और समय पर उपलब्धता भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण आधार बनेगी। डीएम ने कहा कि इस बार नागरिकों को डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी गणना करने की सुविधा दी गई है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सरल बनेगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनगणना का कार्य पूरी गंभीरता और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जाए ताकि किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्व-गणना पोर्टल का उपयोग कर राष्ट्र निर्माण के इस महाअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। बैठक में पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), मुख्य चिकित्साधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, एआरटीओ, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







