नितिन जौहरी दैनिक केसरी हिंदुस्तान
देवास/भोपाल, 04-05-2026, तेज़ रफ्तार सड़कों पर दौड़ते ट्रकों के पहियों के पीछे छिपी थकान, अनदेखी बीमारियाँ और लंबी यात्राओं की चुनौतियाँ—अब इन्हें, नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। देवास–भोपाल कॉरिडोर प्राइवेट लिमिटेड (वर्टिस फाउंडेशन CSR पहल) के माध्यम से, अपोलो फाउंडेशन के साथ सामंजस्य से “प्रोजेक्ट निरामय” का भव्य एवं भावनात्मक संचालन किया जा रहा है। यह पहल सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि उन अनगिनत ट्रक ड्राइवरों, क्लीनरों और यात्रियों के लिए एक उम्मीद की किरण है, जो दिन-रात सड़कों पर अपना जीवन खपा देते हैं। सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाली मोबाइल मेडिकल यूनिट बैरागढ़ से देवास तक उन सभी प्रमुख ठहराव स्थलों पर पहुँच रही है, जहाँ बड़ी संख्या में वाहन चालक विश्राम करते हैं—जैसे राजपूत ढाबा, कंजर नाका, शालिग्राम ढाबा, पटेल ढाबा, आष्टा चौपाटी, दरबार ढाबा (ट्रक ले बायपास), जाट ढाबा चौपाल सागर,अमलहा टोल प्लाजा, भोरासा टोल प्लाजा और पंदा टोल प्लाजा आदि। इस यूनिट के माध्यम से— निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क दवा वितरण, गंभीर बीमारियों के लिए टेली-परामर्श एवं फॉलोअप, समय समय पर नेत्र परीक्षण एवं निःशुल्क चश्मा वितरण जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य है—ड्राइवरों की आँखों की रोशनी से जुड़ी समस्याओं, स्वास्थ्य संबंधी लापरवाहियों और अत्यधिक थकान के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना। इसका शुभारंभ सम्माननीय सीओ जिला पंचायत श्री नितिन ताले, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री दीपक त्रिपाठी, सीएमओ श्री सुधीर देहरिया एवं थाना प्रभारी, खजूरी सड़क की गरिमामयी उपस्थिति एवं इनके निरीक्षण उपरांत किया गया था, जिसका सफल संचालन अपोलो फाउंडेशन के अनुभवी डॉक्टर, कम्युनिटी कोऑर्डिनेटर्, नर्सिंग स्टाफ और वाहन चालक की समर्पित टीम ज़मीनी स्तर पर क्रियान्वित कर रही है। यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सड़कों तक पहुँचाने का प्रयास है, बल्कि यह एक संवेदनशील सोच का प्रतीक भी है—जहाँ विकास के साथ मानव जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। “प्रोजेक्ट निरामय” यह संदेश देता है कि—सड़कें सिर्फ गंतव्य तक पहुँचने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी हैं।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







