दैनिक केसरिया हिंदुस्तान फैसल कुरैशी
मथुरा। जनपदभर में पुलिस ने अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ऑपरेशन ऑल आउट चलाया। इस दौरान व्यापक स्तर पर चेकिंग और पेट्रोलिंग की गई। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई, साथ ही नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान बिना नंबर प्लेट, हेलमेट या सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, गलत दिशा में वाहन चलाने और अवैध पार्किंग जैसे कई यातायात नियमों के उल्लंघन पाए गए। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर, यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों से मौके पर ही समन शुल्क वसूला गया। बिना नंबर प्लेट वाले और अन्य गंभीर उल्लंघन करने वाले वाहनों को सीज भी किया गया। अभियान के दौरान कुल 115 वाहनों को मौके पर ही सीज किया गया। ये वाहन बिना नंबर प्लेट के थे या गंभीर यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। नवागत एसपी यातायात राजेश कुमार तिवारी ने पदभार संभालने के साथ ही शहर को जाम से मुक्ति दिलाने को अपनी पहली प्राथमिकता बताया था। उन्होंने यातायात व्यवस्था की समीक्षा कर नई कार्ययोजना बनाने और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अब इसका असर दिखने लगा है। अभियान के तहत जिले की सीमाओं, प्रमुख चौराहों, तिराहों, अपराध प्रभावित कस्बों और गांवों के साथ साथ एक्सप्रेसवे से सटे क्षेत्रों में सघन चेकिंग की गई। कई अन्य वाहन चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई। पुलिस ने बताया कि ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे, ताकि जिले में कानून व्यवस्था बनी रहे और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। अधिकारियों ने आम जनता से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की है।
फोटो नंबर 3
फोटो परिचय ऑपरेशन ऑल आउट के तहत वाहनों की चेकिंग करती पुलिस।
’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’’
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







