बांदा/चित्रकूट। जनपद चित्रकूट के लालापुर स्थित आश्रम को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। आश्रम में कथित अवैध कब्जा और आपराधिक गतिविधियों के आरोपों के बीच जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने इस पूरे मामले में सख्त रुख अपनाते हुए मण्डलायुक्त चित्रकूट धाम मण्डल एवं पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय SIT जांच की मांग की है। शालिनी सिंह पटेल ने आरोप लगाया कि भरत दास नामक व्यक्ति संत के वेश में रहकर आश्रम पर कब्जा जमाए हुए है और उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है। उन्होंने कहा कि उक्त व्यक्ति द्वारा लगातार महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों के खिलाफ अभद्र भाषा, गाली-गलौच और अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में भी महिलाओं के प्रति अमर्यादित भाषा और व्यवहार सामने आया है, जिसे गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित व्यक्तियों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकालकर गहन जांच कराए जाने की मांग की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय प्रशासन अब तक इस मामले में कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहा है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं और भविष्य में किसी बड़ी अप्रिय घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। शालिनी सिंह पटेल ने आशंका जताई कि कुछ लोग साजिश के तहत निर्दोष व्यक्तियों को भी फंसाने का प्रयास कर सकते हैं, इसलिए निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे प्रकरण की SIT गठित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए, आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक सरगर्मी तेज हो गई है और अब सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







