नीरज सोनी दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान
दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी परीक्षा
परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा
जिला में कुल 1602 परीक्षार्थी नीट-यूजी परीक्षा में होंगे शामिल
जिला में बनाए गए हैं कुल चार परीक्षा केंद्र
नूंह, 30 अप्रैल। । उपायुक्त अखिल पिलानी ने जिला में 3 मई को आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि जिला में कुल 1602 परीक्षार्थी नीट-यूजी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनके लिए चार परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल नूंह-1 व 2, शहीद लेफ्टिनेंट किरण सिंह शेखावत कॉलेज सलाहेड़ी तथा आईटीआई मरोड़ा शामिल हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि परीक्षा 3 मई को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रहेगा। उपायुक्त ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने की अपील की।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पारदर्शिता एवं सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बॉयोमेट्रिक डाटा संग्रहण से जुड़े कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी परीक्षार्थी उपस्थिति दर्ज कराने से वंचित न रहे।
इसके अतिरिक्त, परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांगजन अभ्यर्थियों के लिए व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा को कदाचार मुक्त, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, एएसपी शशि शेखर, सलाहेड़ी कॉलेज की प्राचार्या गीतिका, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, डीटीपी बिजनेश सहित संबंधित अधिकारी एवं केंद्र अधीक्षक उपस्थित रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







