दैनिक केसरिया हिंदुस्तान संवाददाता धर्मेंद्र तिवारी जबेरा
जबेरा। दमोह जिले मुख्यालय जबेरा के बस स्टैंड पर फैली गंदगी और बदहाल सफाई व्यवस्था ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। बस स्टैंड परिसर में जगह-जगह कचरा फैला हुआ है, वहीं शौचालय और पेशाब घर से उठ रही तेज बदबू के कारण राहगीरों का वहां रुकना तक मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते बस स्टैंड की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही के बावजूद यहां नियमित साफ-सफाई नहीं हो रही, जिससे अस्वच्छ माहौल बना हुआ है।
ग्रामवासियों की शिकायत पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार सोनम पांडेय से बस स्टैंड का औपचारिक निरीक्षण करवाया था। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने ग्राम पंचायत को साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बस स्टैंड परिसर में जनपद पंचायत जबेरा की करीब 22 दुकानें संचालित हैं। दुकानदारों से एकमुश्त राशि लेने के साथ-साथ हर महीने किराया भी वसूला जा रहा है। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था पर ध्यान न देना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि राहगीरों और व्यापारियों को राहत मिल सके।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







