सोनभद्र दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
अमिताभ मिश्रा स्थानीय संपादक जिला सोनभद्र
म्योरपुर। विकासखंड म्योरपुर के ग्राम पंचायत लीलाडेवा में रविवार को बिधान संस्था के तत्वावधान में नव निर्मित तालाब का भव्य उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड़ द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान मुन्नालाल, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड़ ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तापमान और घटते जल स्तर के बीच जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। तालाब जैसे पारंपरिक जल स्रोत न केवल वर्षा जल को संरक्षित करते हैं, बल्कि गांवों में जल संकट को दूर करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से किसानों को सिंचाई में सुविधा मिलेगी और पशुओं के लिए भी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। उन्होंने आगे कहा कि बिधान संस्था द्वारा किया गया यह कार्य सराहनीय है और इससे क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे तालाब की नियमित साफ-सफाई एवं संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि इसका लाभ आने वाली पीढ़ियों तक बना रहे। ग्राम प्रधान मुन्नालाल ने अपने संबोधन में कहा कि गांव में लंबे समय से जल संकट की समस्या बनी हुई थी, जिसे देखते हुए इस तालाब का निर्माण कराया गया है। उन्होंने बताया कि इससे आसपास के लोगों को काफी राहत मिलेगी और जल स्तर में भी सुधार होगा। उन्होंने बिधान संस्था के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान भीम सिंह, सुधीर कुमार, रामसुंदर, राजाराम, मनोज त्रिपाठी, अनुराग, आशीष गुप्ता, डॉ. प्रत्यूष सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने तालाब के संरक्षण का संकल्प लिया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







