निजी विद्यालय की मनमानी चरम पर, जिला आदेश को दिखाया ठेंगा

SHARE:

रामप्रकाश उपाध्याय ब्यूरो प्रमुख सिंगरौली दैनिक केसरिया हिंदुस्तान

विद्यालयीन समय में लटका मिला ताला, बच्चों के भविष्य से खिलवाड़; अभिभावकों पर फीस का अतिरिक्त बोझ
सिंगरौली | जिले में भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन द्वारा स्कूलों के संचालन समय में बदलाव और छोटे बच्चों की कक्षाएं अस्थायी रूप से बंद करने के स्पष्ट आदेश जारी किए गए हैं, लेकिन कुछ निजी विद्यालय इन निर्देशों को खुलेआम नजरअंदाज कर रहे हैं। ताजा मामला निवास क्षेत्र का है, जहां एक निजी स्कूल की लापरवाही और मनमानी ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल को जिला प्रशासन ने आदेश जारी कर सभी विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया था। इसके बाद तापमान में लगातार वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक की कक्षाओं को 24 से 30 अप्रैल तक पूर्णतः बंद रखने के निर्देश दिए, जबकि कक्षा 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित रखने को कहा गया।
लेकिन इन स्पष्ट निर्देशों के बावजूद निवास संकुल केंद्र अंतर्गत आदर्श सरस्वती हाई सेकेंडरी स्कूल, निवास में विद्यालयीन समय के दौरान मुख्य गेट पर ताला लटका मिला। यह स्थिति न केवल प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना को दर्शाती है, बल्कि छात्रों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ भी है।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन अपनी मनमर्जी से स्कूल बंद रख रहा है, जबकि फीस पूरे महीने की वसूली जा रही है। इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि जब स्कूल खुल ही नहीं रहा, तो फीस किस बात की ली जा रही है।
यह भी सामने आया है कि उक्त विद्यालय की मनमानी का यह पहला मामला नहीं है। पहले भी इसकी शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी तक पहुंच चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या प्रशासनिक संरक्षण के चलते निजी विद्यालय संचालकों के हौसले बुलंद हैं।
शिक्षा व्यवस्था से जुड़े जानकारों का मानना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो अन्य निजी विद्यालय भी इसी राह पर चल पड़ेंगे।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है—क्या दोषी विद्यालय प्रबंधन पर कार्रवाई होगी या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment