जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनगणना-2027 की तैयारियों एवं प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न

SHARE:

दैनिक केसरिया हिंदुस्तान सत्य नारायण गुप्ता

प्रगणकों-सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण, स्व-गणना अभियान एवं फार्मर रजिस्ट्री कार्यों की समीक्षा
बाराबंकी, 23 अप्रैल:- जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में लोक सभागार, कलेक्ट्रेट में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के संबंध में तैयारी एवं प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आंकड़े भविष्य की नीतियों एवं योजनाओं के निर्धारण का आधार बनते हैं, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी इसे पूरी गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ संपादित करें। उन्होंने प्रथम चरण के अंतर्गत तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता, प्रशिक्षण एवं जनसंपर्क रणनीतियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का लगभग 60 प्रतिशत प्रशिक्षण पूर्ण किया जा चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शेष प्रशिक्षण भी समयबद्ध रूप से गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवहारिक ढंग से संपन्न कराया जाए, ताकि फील्ड स्तर पर कार्य निष्पादन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
बैठक में जनगणना प्रेषण-6 के अंतर्गत जनजागरूकता एवं जनसंपर्क रणनीतियों पर विशेष चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आमजन को जनगणना के महत्व तथा स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया के संबंध में व्यापक रूप से जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि 07 मई से 15 मई 2026 तक संचालित स्व-गणना प्रोत्साहन अभियान के दौरान संवैधानिक गणमान्य व्यक्तियों, प्रतिष्ठित हस्तियों, विभिन्न विभागों, निगमों, उपक्रमों एवं कार्यालयों के कर्मचारियों सहित नागरिकों को स्व-गणना हेतु प्रेरित किया जाए।
बैठक में फार्मर रजिस्ट्री कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र किसानों का पंजीकरण अभियान मिशन मोड में संचालित करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को व्यापक रूप से जागरूक करते हुए फार्मर रजिस्ट्री की उपयोगिता, इससे मिलने वाले लाभों तथा किसान हितकारी योजनाओं में इसकी महत्ता के संबंध में भी जानकारी दी जाए, ताकि अधिकाधिक कृषक इससे जुड़ सकें।
इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि/रा) निरंकार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) राजकुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, समस्त उपजिलाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment