दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान/पालेन्द्र सिंह
मथुरा। स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली उपभोक्ताओं के लिए जी का जंजाल बनती जा रही है। शहर के यमुनापार क्षेत्र के लक्ष्मी नगर बिजलीघर पर आज स्मार्ट मीटर से जुड़ी दिक्कतों को लेकर स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे लेकर बिजलीघर पहुंच गईं, जिससे वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
गुरुवार सुबह जैसे ही तिवारीपुरम और आसपास के इलाकों से करीब 50-60 लोग बिजलीघर पहुंचे, वहां का माहौल तनावपूर्ण हो गया। महिलाओं के आक्रामक रुख और उनके हाथों में डंडे देख विद्युत अधिकारियों के पसीने छूट गए। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से ही तकनीकी खामियां शुरू हो गई हैं। तिवारीपुरम निवासी प्रेमलता सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि समय पर बिजली बिल का भुगतान करने के बावजूद उनके कनेक्शन बार-बार ऑटोमेटिक कट रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि जब वे इस समस्या की शिकायत लेकर दफ्तर आते हैं, तो अधिकारी उनकी बातों को अनसुना कर देते हैं। हंगामे की गंभीरता को देखते हुए बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बहस के बाद, अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जिन मीटरों में तकनीकी समस्या आ रही है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बदला जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद ही उपभोक्ता शांत हुए और वहां से रवाना हुए। प्रदर्शन में मुख्य रूप से चंद्रवती, ललिता, हेमलता, मोहित गुप्ता और कुसुम सहित दर्जनों स्थानीय लोग शामिल रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







