धर्मेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के मार्गदर्शन में बुधवार को जिले के समस्त पीएम श्री विद्यालयों में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।जिला शिक्षा अधिकारी श्री एसपी जाटव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण विषय पर संगोष्ठियों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों को जल, जंगल और जमीन के महत्व से अवगत कराया गया। इसके साथ ही निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित कर विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता के माध्यम से पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रमों के अंतर्गत “बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट” प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें विद्यार्थियों ने प्लास्टिक की बोतलों, पुराने समाचार पत्रों एवं अन्य अपशिष्ट सामग्रियों का उपयोग कर उपयोगी वस्तुओं का निर्माण किया। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को अपशिष्ट प्रबंधन एवं पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) का महत्व समझाया गया।
इसके अलावा विद्यालय परिसरों में वृक्षारोपण किया गया तथा पौधों की सुरक्षा और देखभाल के बारे में जानकारी दी गई। स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विद्यार्थियों को “स्वच्छ एवं हरित पृथ्वी” बनाने की शपथ भी दिलाई गई।आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय स्तर पर पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







