दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
दिव्यांश प्रताप सिंह
फतेहपुर जनपद में अवैध एवं मानकों के विपरीत संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार तेज हो रहा है। इसी क्रम में सोमवार को थरियांव पूर्वी बाईपास स्थित एसआर मेडिसिटी हॉस्पिटल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल को सीज कर दिया। कार्रवाई एसीएमओ डॉ. पी.के. सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अस्पताल के संचालन में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान कई कमियां पाए जाने पर अस्पताल प्रबंधन को पूर्व में नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था तथा निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके अस्पताल प्रबंधन संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सका और आवश्यक मानकों का अनुपालन भी नहीं किया गया। इसके बाद विभाग ने अस्पताल को सीज करने की कार्रवाई अमल में लाई।
इसी अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ऐरायाँ विकासखंड के थाना सुल्तानपुर घोष अन्तर्गत भादर गांव में बिना नाम से संचालित एक चर्चित क्लिनिक का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर क्लिनिक संचालक को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने एवं निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए। वहीं प्रेमनगर कस्बे में संचालित मानकविहीन निजी क्लिनिकों एवं अस्पतालों को भी नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि मानकों की अनदेखी करने वाले किसी भी संस्थान के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
एसीएमओ डॉ. पी.के. सिंह ने बताया कि बिना पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी केंद्रों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







