दिनेश शुक्ला
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
आलोट। बदलते डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम के निर्देश पर थाना आलोट पुलिस द्वारा सेफ क्लिक अभियान 2.0 के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस अधिकारी नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर रहे हैं तथा ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बता रहे हैं।
इसी क्रम में उप निरीक्षक प्रमोद राठौड़, सहायक उप निरीक्षक नानूराम दसोरिया एवं सहायक उप निरीक्षक मोहन भाटी द्वारा ग्राम पंचायत बोरखेड़ी, शासकीय अस्पताल आलोट सहित विभिन्न स्थानों पर बैठक एवं जनसंवाद आयोजित किए गए। कार्यक्रम में सरपंच, सचिव, अस्पताल स्टाफ, ग्रामीणजन एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों के नए तरीकों और उनसे बचाव की विस्तृत जानकारी दी गई।
फर्जी कॉल, ओटीपी और लिंक से सतर्क रहने की सलाह
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी फर्जी बैंक अधिकारी बनकर कॉल करना, मोबाइल पर संदिग्ध लिंक भेजना, सोशल मीडिया अकाउंट हैक करना, एटीएम एवं ऑनलाइन बैंकिंग संबंधी धोखाधड़ी करना जैसे तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। अधिकारियों ने समझाइश दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक डिटेल या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
1930 हेल्पलाइन और साइबर पोर्टल की दी जानकारी
अभियान के दौरान आमजन को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि साइबर ठगी होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने से राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही National Cyber Crime Reporting Portal पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई।
जागरूक नागरिक ही साइबर अपराध पर रोक लगा सकते हैं
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम जागरूकता है। यदि नागरिक सतर्क रहें और समय रहते सही कदम उठाएं तो अधिकांश साइबर अपराधों को रोका जा सकता है। अभियान के अंत में उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व समाज को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







