धार्मिक प्रार्थना सभा को लेकर हंगामा, धर्म परिवर्तन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज

SHARE:

दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान जिला ब्यूरो मुकेश कुमार सुपौल

सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनेलीपट्टी पंचायत के गीदरमारी वार्ड संख्या-5 में आयोजित एक धार्मिक प्रार्थना सभा को लेकर रविवार को हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने नेपाल से आए चार लोगों पर धार्मिक प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए संबंधित लोगों को पूछताछ के लिए थाना ले गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रार्थना सभा के दौरान लोगों को बेहतर जीवन, बीमारी से मुक्ति तथा आर्थिक सुधार का आश्वासन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। इसको लेकर गांव में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने मामले में प्राप्त शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

इधर, आरोपित पक्ष ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उनका उद्देश्य केवल समाज सेवा और आध्यात्मिक संदेश देना था तथा किसी भी व्यक्ति पर धर्म परिवर्तन के लिए न तो दबाव बनाया गया और न ही किसी प्रकार का प्रलोभन दिया गया।

पुलिस के अनुसार मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment