दैनिक केसरिया हिंदुस्तान महक बैरागी रिपोर्टर
भोपाल – बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने तथा राष्ट्रव्यापी पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में रविवार, 28 जून 2026 को व्यापक स्तर पर विशेष पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय डोगरा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों एवं रेलवे कॉलोनियों में विशेष बूथ एवं मोबाइल टीमें तैनात की गईं।अभियान के दौरान कुल 2,471 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई, जिनमें रेलवे कर्मचारियों के 506 बच्चों तथा गैर-रेलवे परिवारों के 1,965 बच्चों को पोलियो की खुराक प्रदान की गई।मंडल के भोपाल, इटारसी, बीना, गुना, गंजबासौदा, नर्मदापुरम सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए गए। भोपाल स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1, पैदल पुल, न्यू फुट ओवर ब्रिज, मंडल रेल चिकित्सालय, हबीबगंज स्वास्थ्य केंद्र, बैरागढ़ स्टेशन, पूर्वी रेलवे कॉलोनी, निशातपुरा कोच रिपेयर कॉलोनी तथा रेलवे कॉलोनियों में भी टीकाकरण की व्यापक व्यवस्था की गई। इटारसी क्षेत्र में रेलवे चिकित्सालय, स्वास्थ्य केंद्र, स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 एवं 7, नर्मदापुरम स्टेशन तथा रेलवे कॉलोनियों में विशेष बूथ संचालित किए गए। साथ ही रेलवे कॉलोनियों में घर-घर पहुंचकर भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। यात्रा कर रहे बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष मोबाइल टीमें विभिन्न मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों में तैनात की गईं। इन टीमों ने झेलम एक्सप्रेस, पंजाब मेल, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, कामायनी एक्सप्रेस, राजकोट एक्सप्रेस, कर्नाटक एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस तथा भोपाल-बीना मेमू सहित अन्य ट्रेनों में यात्रा कर रहे 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई।सीनियर डीसीएम श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि अभियान को सफल बनाने में रेल कर्मचारियों, चिकित्सा विभाग, स्वयंसेवकों एवं अभिभावकों का सहयोग रहा तथा अपील है कि आगामी चरणों में भी प्रत्येक अभिभावक अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, जिससे पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार किया जा सके।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







