ओमप्रकाश परमार,
देवास। सरकार की महत्वाकांक्षी ग्रामीण पेयजल योजना को धरातल पर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों की कथित लापरवाही पलीता लगाती नजर आ रही है। कन्नौद जनपद पंचायत के ग्राम भिलाई से मुहाई के बीच जलनिगम द्वारा बिछाई जा रही पेयजल पाइपलाइन ग्रामीणों के लिए सुविधा के बजाय परेशानी का कारण बन गई है। ग्रामीणों ने कार्य में भारी अनियमितता और गुणवत्ता में कमी के आरोप लगाते हुए शिकायत पीएचई मंत्री सम्पतिया उइके तक पहुंचाई, लेकिन शिकायत के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
ग्राम पंचायत भिलाई के सरपंच गंगाराम मालवीय एवं उपसरपंच मुकेश जाट ने बताया कि जलनिगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने का कार्य निर्धारित मानकों के विपरीत किया गया है। नियमों के अनुसार पाइपों को लगभग तीन फीट या उससे अधिक गहराई में दबाया जाना था, लेकिन अधिकांश स्थानों पर पाइप मात्र डेढ़ से दो फीट की गहराई में डालकर खानापूर्ति कर दी गई।
ग्रामीण जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि उनके विरोध के बावजूद भिलाई-मुहाई मार्ग की कच्ची सड़क को खोदकर पाइपलाइन बिछा दी गई, जिससे पूरा मार्ग बदहाल हो गया है। बारिश के मौसम में यह सड़क ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन सकती है। मामले की लिखित शिकायत पीएचई मंत्री को भेजी गई, जिस पर मंत्री स्तर से पत्राचार भी हुआ, लेकिन इसके बावजूद निर्माण एजेंसी और अधिकारियों ने कार्य की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
इधर मुहाई-कुसमानिया मार्ग पर भी पाइपलाइन बिछाने में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे उथली गहराई में दबाए गए पाइप राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन गए हैं। सड़क की पटरी क्षतिग्रस्त होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जलनिगम के अधिकारियों की उदासीनता और निर्माण कार्य की प्रभावी निगरानी के अभाव में सरकार की करोड़ों रुपये की महत्वाकांक्षी पेयजल योजना भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ती दिखाई दे रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पूरे कार्य की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई हो तथा क्षतिग्रस्त सड़कों का पुनर्निर्माण कर पाइपलाइन को निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा डाला जाए।
इस संबंध में जलनिगम के जीएम गौरव सिंघई ने बताया कि मैं अभी गाड़ी चला रहा हूँ। समस्या नोट करने की स्थिति में नही हूँ। आप जहाँ की बात कर रहे है वह मुझे व्हाट्सएप कर दीजिए, मैं दिखवा लेता हूँ।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







