-ट्रेनों में चोरी करने वाली शातिर महिला चोर गिरफ्तार
बांदा। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के कीमती सामान व मोबाइल उड़ाने वाले शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बांदा जीआरपी को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जीआरपी पुलिस टीम ने रविवार सुबह एक शातिर महिला चोर को चोरी के शत-प्रतिशत माल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने उसके पास से सोने का पेंडल और चांदी की बिछिया बरामद की है। पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग झांसी विपुल कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे झांसी सलीम खाँ के पर्यवेक्षण में ट्रेनों/प्लेटफार्मों पर चोरी, लूट व जहरखुरानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जीआरपी बांदा के थाना प्रभारी शेरे आलम के नेतृत्व में पुलिस टीम काफी दिनों से चोरी के मुकदमों के खुलासे में लगी हुई थी। रविवार सुबह करीब 07.30 बजे मुखबिर की सूचना पर जीआरपी टीम ने कोतवाली नगर क्षेत्र के जीआईसी ग्राउंड के पास बने बीएसए कार्यालय के निकट से घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवती को दबोच लिया। पकड़ी गई अभियुक्ता की पहचान वन्दना (उम्र करीब 19 वर्ष) पुत्री छोटेलाल, निवासिनी दालमण्डी, थाना मुट्ठीगंज, जिला प्रयागराज के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि वह एक शातिर किस्म की अपराधी है, जो रेलवे स्टेशनों और चलती ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाती थी। मौका मिलते ही वह यात्रियों के बैग से मोबाइल फोन, कीमती जेवरात और अन्य सामान पार कर देती थी। थाना प्रभारी शेरे आलम ने बताया कि गिरफ्तार की गई अभियुक्ता वन्दना के कब्जे से पूर्व में दर्ज एक मुकदमे का शत-प्रतिशत चोरी गया माल बरामद कर लिया गया है, 01 अदद पीली धातु का पेंडल,02 जोड़ी सफेद धातु की बिछिया यह बरामदगी थाना जीआरपी बांदा पर दर्ज मु.अ.सं. 25/2026 धारा 305(सी)/317(2) बीएनएस से संबंधित है। इस बरामदगी के साथ ही पुलिस ने दर्ज मुकदमे का सफल अनावरण कर दिया है। विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्ता को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है। इस शातिर महिला चोर को सलाखों के पीछे पहुंचाने में पुलिसकर्मियों की मुख्य भूमिका रही,शेरे आलम थाना प्रभारी, जीआरपी बांदा,उ.नि. धीरेन्द्र सिंह जीआरपी बांदा, कांटेबल प्रारूप कुमार जीआरपी बांदा,कांटेबल अंकित कुमार जीआरपी बांदा,महिला कांस्टेबल रिया थाना कोतवाली नगर बांदा मौके में मौजूद रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







