हजारा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप, फरार साथी की तलाश में दबिश तेज
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान संवाददाता वीरू गौतम
पीलीभीत।नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हजारा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नेपाल सीमा से जुड़े इलाके में विशेष अभियान चलाकर एक नेपाली नागरिक को 11 ग्राम स्मैक, मोबाइल फोन और नेपाली नंबर की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तारी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
बताया जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक पीलीभीत, अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी पूरनपुर के निर्देशन में जनपद में अवैध और नशीले पदार्थों की बिक्री व तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 मई 2026 को थाना हजारा पुलिस टीम और एसएसबी के जवान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी नेपाल सीमा के पास पिलर नंबर 782/7 से लगभग 50 मीटर पहले मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस और एसएसबी टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन एक युवक मौके से भाग निकला जबकि दूसरे को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम वीर बहादुर धामी पुत्र लाल बहादुर निवासी ग्राम गाऊजी वेदकोट नगरपालिका-7 थाना महेंद्रनगर जिला कंचनपुर नेपाल बताया। उसकी तलाशी लेने पर 11 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा उसकी जेब से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और नेपाली सिम कार्ड भी मिला। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नेपाली नंबर प्लेट लगी एक होंडा मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह अपने फरार साथी बलवीर उर्फ वीरू निवासी टाटरगंज के साथ मिलकर नेपाल से आने वाले लोगों को ऊंचे दामों में स्मैक बेचता था और इसी धंधे से अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। आरोपी के बयान के बाद पुलिस ने फरार साथी की तलाश तेज कर दी है और कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना हजारा में मुकदमा अपराध संख्या 50/2026 धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया गया।
इस कार्रवाई को सीमा क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नेपाल सीमा के रास्ते होने वाली नशे की तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी हाल में ऐसे कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा। हजारा पुलिस और एसएसबी की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद सीमा क्षेत्र में सक्रिय तस्करों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







