धर्मेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
लंबित आवेदनों की समीक्षा बैठक में सीएम हेल्पलाइन, वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त प्रकरणों एवं महत्वपूर्ण अभियानों की हुई गहन समीक्षा प्रभारी कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी विभाग समन्वित एवं गंभीर प्रयास करते हुए लंबित आवेदनों के निराकरण में गुणवत्ता और गति दोनों सुनिश्चित करें, ताकि जिले की ग्रेडिंग एवं रैंकिंग में निरंतर सुधार हो सके। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न स्तरों से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार में आयोजित लंबित आवेदनों की समीक्षा बैठक में प्रभारी कलेक्टर श्री डामोर ने कहा कि वर्तमान में जिला प्रदेश स्तरीय रैंकिंग सूची में 18वें स्थान पर है, जिसे और बेहतर बनाने के लिए सभी विभागों को लक्ष्य आधारित कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आवेदनों के निराकरण में केवल संख्या नहीं बल्कि आवेदक की संतुष्टि को भी प्राथमिकता दी जाए, ताकि जिले के सभी विभाग ए-ग्रेड सूची में शामिल हो सकें।बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों के अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय, प्रभारी मंत्री, सांसद एवं अन्य वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की गई। प्रभारी कलेक्टर ने अधिकारियों से प्रकरणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में मैदानी स्तर पर कार्रवाई अपेक्षित है, उनमें तत्काल पहल कर आवेदकों को राहत प्रदान की जाए।
समीक्षा बैठक में शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण अभियानों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की भी विस्तार से समीक्षा की गई। प्रभारी कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभियान निर्धारित समयावधि में प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएं तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा, ताकि शासन की मंशानुसार बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित की जा सके।
उक्त बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया एसडीएम श्री क्षितिज शर्मा, संयुक्त कलेक्टर द्धय सुश्री निकिता तिवारी और श्रीमती दीपाश्री काशवानी, डिप्टी कलेक्टर श्री नितिन जैन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे वहीं खंड स्तरीय अधिकारियों से विडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संवाद किया गया है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







