जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत सिंध-सगड़ नदी उद्गम स्थल गोपीतलाई में पुनरुद्धार एवं वृक्षारोपण कार्य का शुभारंभ

SHARE:

लटेरी से मुजीव खान

विधायक उमाकांत शर्मा के नेतृत्‍व स्‍व. लक्ष्‍मीकांत शर्मा के स्‍वप्‍न को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल
लटेरी। प्रदेश शासन द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जननायक स्व. लक्ष्मीकांत शर्मा के जल संरक्षण एवं क्षेत्रीय विकास के सपनों को साकार करने की दिशा में विगत दिवस सिंध-सगड़ नदी के उद्गम स्थल गोपीतलाई (लटेरी) में नदी पुनरुद्धार एवं लगभग 5 किलोमीटर क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्‍यक्ष श्रीमती शैलेष-संजय भण्‍डारी, मीसाबंदी श्री रणधीरसिंह जी बघेल सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, वार्डवासी एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री ओमप्रकाश सनोडिया, वन मंडल अधिकारी श्री हेमंत यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नदी उद्गम स्थल के संरक्षण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधारोपण का महत्‍व पर प्रकाश डाला गया तथा उपस्थित जनसमुदाय को जल संरक्षण हेतु जागरूक किया गया। अभियान अंतर्गत नदी क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के हजारों पौधे रोपे जाएंगे, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी, भू-जल स्तर में सुधार होगा तथा पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री उमाकांत शर्मा ने कहा कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, सभ्यता और जीवन का आधार हैं। आज बढ़ते पर्यावरणीय संकट एवं जल संकट के समय में नदियों और जल स्रोतों का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सिंध-सगड़ नदी के उद्गम स्थल का पुनरुद्धार क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक पहल है, जिससे आने वाली पीढ़ियों को भी इसका लाभ प्राप्त होगा। साथ ही कहा कि स्व. लक्ष्मीकांत शर्मा सदैव क्षेत्र के विकास, जल संरक्षण एवं जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देते थे, तिथि के अनुसार आज उनकी पुण्‍यतिथि भी है उन्हीं के संकल्पों एवं विचारों को आगे बढ़ाते हुए यह अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहरों को संरक्षित किया जा सके और ग्रामीण अंचलों में जल उपलब्धता को मजबूत बनाया जा सके।
इस अवसर पर वन मण्‍डल अधिकारी श्री हेमंत यादव एवं मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत विदिशा श्री ओमप्रकाश सनोडिया ने भी अपने विचार व्‍यवक्‍त किए।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधारोपण करें तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं। साथ ही जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, वर्षा जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री उमाकांत शर्मा, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा गोपीतलाई क्षेत्र का निरीक्षण भी किया गया तथा नदी पुनरुद्धार से संबंधित प्रस्तावित कार्यों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान अंतर्गत नदी क्षेत्र में साफ-सफाई, जल प्रवाह संरक्षण, पौधारोपण एवं पर्यावरणीय सुधार के विभिन्न कार्य चरणबद्ध रूप से किए जाएंगे।
अंत में उपस्थित सभी नागरिकों ने जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं नदियों के पुनर्जीवन का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन “जल है तो कल है” एवं “नदी बचाओ-भविष्य बचाओ” के संदेश के साथ हुआ।
इस अवसर पर कार्यक्रम में बड़ी संख्‍या में जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी/कर्मचारीगण, भाजपा पदाधिकारी, गणमान्‍यनागरिकगण, वार्डवासी, युवा उपस्थित थे।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई