कलेक्टर ने अमझेरा और जीराबाद में स्वास्थ्य एवं उपार्जन केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

SHARE:

केसरिया हिन्दुस्तान से रघुनाथ सेन
कलेक्टर ने मरीजों के स्वास्थ्य की ली जानकारी, स्वास्थ्य केंद्रों में समुचित व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
उपार्जन केंद्रों पर किसानों की सुविधा के लिए पर्याप्त मात्रा में तोल कांटे व हम्माल हो जिससे उन्हें इंतजार ना करना पड़े
धार, कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने रविवार को जिले के भ्रमण के दौरान अमझेरा और जीराबाद क्षेत्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित गेहूँ उपार्जन केंद्र की जमीनी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और सुगमता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर जोर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमझेरा के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मीना ने ओपीडी, वार्ड, दवा वितरण केंद्र, मरीजों के उपचार का सूक्ष्म अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से चर्चा कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और दवाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) को निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए स्वास्थ्य केंद्र में किस प्रकार के मरीजों आ रहे हैं यह जानकारी ली एवं निर्देश दिए कि भीषण गर्मी के मौसम में मरीजों को त्वरित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।इसी क्रम में कलेक्टर श्री मीना ने जीराबाद स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली को देखते हुए निर्देशित किया कि शासन की मंशा अनुरूप आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पूरी सुगमता के साथ मिलना सुनिश्चित करें। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो। दवाईयां, पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य केंद्रों पर डायरिया के इलाज हेतु पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अमझेरा में उपार्जन केंद्र पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कलेक्टर ने अमझेरा में उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने किसानों से खरीदी जा रही उपज की गुणवत्ता, तौल प्रक्रिया और बारदाने की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने केंद्र प्रभारी को निर्देश दिए कि भीषण गर्मी को देखते हुए केंद्र पर किसानों के लिए शीतल पेयजल और छाया की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने कहा कि उपार्जित अनाज के सुरक्षित भंडारण और समय पर परिवहन (Lifting) की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि कहीं भी अव्यवस्था उत्पन्न ना हो। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को इंतजार ना करना पड़े। इसके लिए उपार्जन केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में तोल कांटे व हम्माल की व्यवस्था हो।इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती सलोनी अग्रवाल सहित स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित थे।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment