दैनिक केसरिया हिंदुस्तान/संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल
बिलासपुर, 27 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और संवेदनशीलता पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बिलासपुर के कोनी स्थित शासकीय बालक पॉलिटेक्निक कॉलेज में छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित मंडी निरीक्षक परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी के साथ कथित तौर पर अमानवीय और अपमानजनक व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र प्रियांशु जायसवाल (रोल नंबर 13053140) ने जिलाधीश बिलासपुर को लिखित शिकायत देकर दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार छात्र 26 अप्रैल 2026 को निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचा, जहां मुख्य द्वार पर तैनात सुरक्षा कर्मी ने जांच के दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि सामान्य वेशभूषा में होने के बावजूद उसे संदेह के आधार पर रोका गया और जबरन उसकी टी-शर्ट उतरवा दी गई। इसके बाद छात्र को अर्धनग्न स्थिति में ही परीक्षा कक्ष में बैठकर प्रश्नपत्र हल करने के लिए मजबूर किया गया, जिससे वह पूरे समय मानसिक रूप से आहत और अपमानित महसूस करता रहा। छात्र ने अपनी शिकायत में कहा है कि यदि इस तरह की घटनाओं पर रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में अन्य अभ्यर्थियों को भी मानसिक प्रताड़ना और अपमान का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए संबंधित निरीक्षक के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। जिलाधीश कार्यालय द्वारा शिकायत पत्र स्वीकार कर लिया गया है और अब मामले की जांच व आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं। यह घटना कई गंभीर सवाल खड़े करती है कि क्या परीक्षा सुरक्षा के नाम पर छात्रों की गरिमा से समझौता किया जा सकता है और क्या ऐसी जांच प्रक्रिया के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश मौजूद हैं। फिलहाल प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी, लेकिन इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी पर गहरी चिंता जरूर पैदा कर दी है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







