श्रद्धालुओं की बढती संख्या को देख बलदेव के विकास कार्यों को प्राथमिकता देंः लक्ष्मी नारायण

SHARE:

दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान/पालेन्द्र सिंह
मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर गुरुवार को विस्तृत मंथन किया गया। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक में करीब 274 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर सहमति जताई गई जिससे ब्रज क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने की जबकि उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक का संचालन सीईओ लक्ष्मी नागप्पन ने किया।
मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बलदेव क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढती संख्या को देखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। सीईओ लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि बलदेव क्षेत्र में यमुना के सैंतरी घाट एवं कंजौली घाट के निर्माण, सौंदर्याकरण तथा श्रद्धालुओं के लिए पंडाल, कुर्सी आदि की सुविधाओं के विकास हेतु प्रस्ताव शासन को भेजे जा रहे हैं।
इसके अतिरिक्त बलदेव में हनुमान तिराहे से मंदिर तक तथा अवैरनी चौराहे से मेला मैदान तक स्मार्ट रोड निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे पर बलदेव के लिए इंटरचेंज निर्माण हेतु लगभग 13 करोड रुपये के प्रस्ताव की जानकारी भी दी गई। विधायक मेघश्याम सिंह ने गोवर्धन क्षेत्र से संबंधित कई मांगें रखीं। परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विधायक के साथ अडींग स्थित जर्जर ऐतिहासिक किले के संरक्षण हेतु संयुक्त निरीक्षण करें। साथ ही मार्ग पर नए आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) निर्माण के प्रस्ताव को भी जानकारी दी गई। बैठक में महापौर विनोद अग्रवाल, राज्यसभा सदस्य तेजवीर सिंह विधायक मेघश्याम सिंह, विधायक ओम प्रकाश सिंह, सांसद हेमा मालिनी के प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा के अलावा नगर आयुक्त जग प्रवेश सहित जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारी बैठक में उपस्थित थे। परिषद के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी मदन चंद्र दुबे, उप मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश चंद्र, पर्यावरण सलाहकार मुकेश शर्मा समेत परिषद के अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई