सपनों को मिला पंख: मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान से एटा के सोम देव बने सफल उद्यमि

SHARE:

(ब्यूरो अनिल सोलंकी दैनिक केसरिया हिंदुस्तान एटा)
एटा, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जनपद एटा के युवाओं के लिए एक वरदान साबित हो रहा है। जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के निरंतर पर्यवेक्षण में यह योजना न केवल युवाओं को आत्मनिर्भर बना रही है, बल्कि उन्हें रोजगार सृजनकर्ता के रूप में भी स्थापित कर रही है। शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जिला प्रशासन की सक्रिय भूमिका भी उल्लेखनीय है।

उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, अर्चना कुमारी ने बताया कि जनपद एटा के गंगा नगर, असरौली निवासी युवा उद्यमी सोम देव ने इस योजना का लाभ लेकर सफलता की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने “सोम देव बेकरी प्रोडक्शन” के नाम से अपना व्यवसाय शुरू किया।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक दौर में आर्थिक चुनौतियों के चलते व्यवसाय शुरू करना कठिन था, लेकिन मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत आवेदन करने पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, मुख्य शाखा एटा द्वारा उन्हें ₹4,37,500 का ऋण स्वीकृत किया गया। इस सहयोग से उन्होंने अपने सपनों को साकार करने की दिशा में पहला मजबूत कदम रखा।

सोम देव ने अपने बेकरी उत्पादों की गुणवत्ता और ताजगी पर विशेष ध्यान दिया। परिणामस्वरूप, उनके उत्पादों ने स्थानीय बाजार में तेजी से अपनी पहचान बनाई और आज आस-पास के क्षेत्रों में भी उनकी अच्छी मांग है। वर्तमान में वे न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बने हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार प्रदान कर रहे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़े हैं।

जनपद के जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह द्वारा योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शासन की सभी लाभकारी योजनाएं पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचें। उनके निर्देशन में जिले में उद्यमिता को बढ़ावा देने हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है।

उपायुक्त उद्योग ने कहा कि यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि युवाओं में दृढ़ इच्छाशक्ति हो और उन्हें सही मार्गदर्शन व सरकारी सहयोग मिले, तो वे किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान जनपद एटा में जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह की प्रेरणा से युवाओं के लिए एक सशक्त मंच बनकर उभरा है। यह योजना न केवल उनके सपनों को साकार कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बना रही है। सोम देव की यह सफलता गाथा अन्य युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई