दैनिक केसरिया हिंदुस्तान संवाददाता वीरू गौतम
रेलवे ने जारी किए 13.46 करोड़ रुपये, यूपी सेतु निगम करेगा निर्माण, लंबे समय से चल रही मांग पूरी
पीलीभीत।पूरनपुर क्षेत्र के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। नगर के व्यस्ततम माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग पर जल्द ही उपरिगामी सेतु यानी ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के लिए रेलवे बोर्ड ने 13.46 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है, जिससे वर्षों से जाम की समस्या झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (ब्रिज) आलोक त्रिवेदी ने इस संबंध में स्थानीय सांसद को पत्र भेजकर जानकारी दी है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि समपार फाटक संख्या 180 ए, माधोटांडा रोड पर ओवरब्रिज निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इसके लिए धनराशि उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड को उपलब्ध करा दी गई है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी भी इसी एजेंसी को सौंपी गई है।
यह परियोजना रेलवे, लोक निर्माण विभाग और यूपी सेतु निगम की संयुक्त जांच के बाद स्वीकृत हुई थी। छह अक्तूबर 2025 को हुई तकनीकी जांच में इस स्थान को ओवरब्रिज निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया था। इसके बाद 15 जनवरी को परियोजना की लागत का आंकलन कर धनराशि जारी कर दी गई।
माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग पूरनपुर नगर की सबसे व्यस्त क्रॉसिंग मानी जाती है। यहां दिनभर ट्रेनों की आवाजाही के कारण फाटक बार-बार बंद रहता है, जिससे लंबा जाम लग जाता है और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। इस मार्ग से उत्तराखंड की ओर जाने वाले वाहन गुजरते हैं, जबकि शेरपुर मार्ग से नेपाल, लखीमपुर और पलिया की ओर आवागमन होता है। इसके अलावा आसपास के कई गांवों और नगर पालिका के पांच वार्डों के हजारों लोग प्रतिदिन इसी रास्ते से गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों के लिए यह ओवरब्रिज किसी बड़ी राहत से कम नहीं होगा। अनुमान है कि इसके निर्माण से करीब डेढ़ लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा और जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
गौरतलब है कि इस ओवरब्रिज की मांग लंबे समय से की जा रही थी। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने कई बार रेल मंत्री, सांसद और विधायकों को ज्ञापन भेजकर इस समस्या के समाधान की मांग उठाई थी। हाल ही में नगर पालिका सदस्य अनुज गुप्ता ने केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद को पत्र भेजकर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद मामला तेजी से आगे बढ़ा।
अब धनराशि जारी होने के बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है। लोगों को भरोसा है कि ओवरब्रिज बनने के बाद पूरनपुर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा और रोजाना लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिल सकेगी।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







