दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
उदित ठाकुर
मानकों की अनदेखी, घटिया सामग्री और अधूरी तराई से ग्रामीणों में आक्रोश
सूरजपुर/भैयाथान – सलका:–* सूरजपुर जिले के जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत सलका में लाखों रुपए की लागत से बन रहे सीसी रोड निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर मनमानी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर भी संदेह जताया जा रहा है। आरोप है कि सीमेंट, गिट्टी और अन्य सामग्री का अनुपात सही नहीं रखा जा रहा, जिससे सड़क की मजबूती पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
सबसे चिंताजनक बात यह सामने आई है कि निर्माण के बाद सड़क की उचित तराई (पानी डालकर क्योरिंग) नहीं की जा रही है। केवल औपचारिकता निभाते हुए आधा-अधूरा पानी डालकर कार्य पूरा किया जा रहा है, जिससे सड़क जल्द ही खराब होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार बिना किसी निगरानी के मनमाने तरीके से काम कर रहा है और संबंधित विभाग के अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, गुणवत्ता युक्त निर्माण सुनिश्चित कराया जाए ताकि सरकारी धन का सही उपयोग हो सके।
प्रशासन की भूमिका पर सवाल
इस पूरे मामले में संबंधित विभाग और अधिकारियों की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। यदि समय रहते निगरानी नहीं की गई, तो लाखों रुपए की लागत से बन रही यह सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ सकती है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







