*उपभोक्ताओं के नाम पर फर्जी डिलीवरी का खुलासा, मोबाइल मैसेज बना सबूत।*
ग्रामीणों में आक्रोश, खुले बाजार में महंगे दामों पर बिक्री का आरोप।
महराजगंज । जनपद के बागापार स्थित श्री लक्ष्मी एचपी ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते सुर्खियों में है। एजेंसी पर उपभोक्ताओं के नाम पर फर्जी गैस डिलीवरी दिखाकर सिलेंडरों की कालाबाजारी करने का मामला सामने आया है। इस पूरे प्रकरण के उजागर होने के बाद ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।मामले का खुलासा उस समय हुआ जब ग्राम सभा के एक उपभोक्ता के मोबाइल नंबर पर एचपी गैस की ओर से डिलीवरी का मैसेज प्राप्त हुआ। मैसेज में 22 मार्च 2026 को गैस बुकिंग और डिलीवरी पूर्ण होने की जानकारी के साथ कैश मेमो नंबर भी अंकित था, जबकि संबंधित उपभोक्ता को वास्तविक रूप से गैस सिलेंडर मिला ही नहीं। इस घटना के बाद अन्य ग्रामीणों ने भी इसी तरह की शिकायतें सामने रखीं। ग्रामीणों का आरोप है कि एजेंसी संचालक उपभोक्ताओं की जानकारी का दुरुपयोग कर फर्जी डिलीवरी दर्ज कर रहे हैं और सिलेंडरों को खुले बाजार में 1300 से 1600 रुपये तक ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। इससे आम लोगों को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है और उन्हें महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। पहले भी एजेंसी के खिलाफ शिकायतें की गईं, लेकिन कार्रवाई के अभाव में इस तरह की अनियमितताएं लगातार बढ़ती गईं। इस बार ठोस प्रमाण के रूप में मोबाइल मैसेज सामने आने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ ही आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
डीएसओ बोले—जांच के बाद दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है और इसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। संबंधित टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि जांच में कोई भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







