पंचायतों में कार्रवाई का दोहरा मापदंड?
एक सचिव निलंबित, दूसरे पर लाखों के आरोप फिर भी कुर्सी बरकरार!
सूखापठा में तत्काल निलंबन, पाटई में शिकायतों के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं? नयागांव में वसूली प्रकरण के बाद भी उसी पंचायत का जिम्मा आखिर क्यों ?
विशेष रिपोर्ट दैनिक केसरीया हिंदुस्तान
9644811407
ग्वालियर |सूखापठा में तत्काल निलंबन, पाटई में शिकायतों के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं? नयागांव में वसूली प्रकरण के बीच प्रभार सौंपने पर उठे सवाल
जिला पंचायत ग्वालियर में पंचायत सचिवों पर कार्रवाई को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। एक ओर ग्राम पंचायत सूखापठा के सचिव प्रताप सिंह यादव को लापरवाही, अनुशासनहीनता और अभद्र व्यवहार के आरोपों में तत्काल निलंबित कर दिया गया, वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायत पाटई के सचिव सतेंद्र सिंह पर लाखों रुपये के भ्रष्टाचार की शिकायतें और साक्ष्य सौंपे जाने के दावे के बावजूद कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
निलंबन में तेजी, शिकायतों पर खामोशी?
सूखापठा के सचिव पर तत्काल कार्रवाई, पाटई के कथित भ्रष्टाचार पर अब तक फैसला क्यों नहीं?
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जब प्रशासन लापरवाही के मामलों में तत्काल निलंबन कर सकता है, तो लाखों रुपये के कथित भ्रष्टाचार की शिकायतों पर कार्रवाई में देरी किस वजह से हो रही है?
सूखापठा सचिव पर कार्रवाई, पाटई में इंतजार क्यों?
जिला पंचायत सीईओ सोजान सिंह रावत ने जनपद पंचायत डबरा की ग्राम पंचायत सूखापठा के सचिव प्रताप सिंह यादव को निलंबित किया है। प्रस्ताव में पंचायत में नियमित उपस्थिति नहीं देने, शासकीय कार्यों में रुचि नहीं लेने, ग्रामीणों के प्रमाण पत्र, संबल कार्ड और पेंशन संबंधी कार्य लंबित रखने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप बताए गए हैं।
कार्रवाई पंचायत सेवा नियम 2011 के नियम 7 के तहत की गई। निलंबन अवधि में मुख्यालय जनपद पंचायत डबरा रहेगा और नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
लेकिन सवाल यह है कि ग्राम पंचायत पाटई के सचिव सतेंद्र सिंह के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार की शिकायतों पर कार्रवाई आखिर कब होगी?
नयागांव प्रभार पर भी सवाल
6 लाख से अधिक प्रस्तावित वसूली • 3 लाख जमा होने का दावा • फिर पंचायत का प्रभार कैसे?
सचिव अनिल मौर्य को नयागांव पंचायत का प्रभार सौंपे जाने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि उनके विरुद्ध छह लाख रुपये से अधिक की प्रस्तावित वसूली लंबित है और करीब तीन लाख रुपये जमा होने के बावजूद प्रभार दिया गया। इस निर्णय में स्थापना शाखा की भूमिका और आदेश की नियमसम्मत प्रक्रिया की जांच की मांग की जा रही है।
स्थापना शाखा की भूमिका भी जांच के दायरे में
18 अगस्त 2026 को जारी प्रभार संबंधी आदेश को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर किस सक्षम अधिकारी के आदेश और किन नियमों के तहत यह जिम्मेदारी सौंपी गई? क्या लंबित वसूली प्रकरण, धारा 89/92 की कार्यवाही और वित्तीय अधिकारों से जुड़े प्रतिबंधों की जांच की गई थी?
प्रभार वितरण में कथित आर्थिक लेन-देन के आरोप भी लगाए जा रहे हैं, हालांकि इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
जांच के घेरे में उठाए गए प्रमुख सवाल
छह लाख से अधिक की प्रस्तावित वसूली का पूरा हिसाब क्या है?
जमा हुई राशि और लंबित वसूली की स्थिति सार्वजनिक क्यों नहीं?
धारा 89/92 के प्रकरण की वर्तमान स्थिति क्या है?
18 अगस्त के प्रभार आदेश में किन नियमों का पालन किया गया?
कथित लेन-देन और पद के दुरुपयोग के आरोपों की जांच कौन करेगा?
शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने की जिम्मेदारी किस अधिकारी की है?
जवाबदेही तय होगी या मामला फाइलों में दबा रहेगा?
पूरे मामले में जनपद पंचायत बरई की सीईओ भारती धाकड़, जिला पंचायत की स्थापना शाखा के संबंधित अधिकारियों और शाखा प्रभारी की भूमिका की जांच की मांग उठ रही है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि आरोपों में तथ्य हैं तो सिर्फ सचिव ही नहीं, बल्कि प्रभार वितरण और शिकायतों पर निर्णय लेने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
अब निगाह जिला पंचायत प्रशासन पर है—क्या शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होगी, या पंचायतों में भ्रष्टाचार के आरोप और शिकायतें यूं ही फाइलों में दफन रहेंगे?






