हाईटेक बस स्टैंड बना शहरवासियों के लिए नई मुसीबत, नगर प्रवेश बंद होने से यात्री बेहाल

SHARE:

(केसरिया हिंदुस्तान संवाददाता कवर्धा )

कवर्धा। कवर्धा शहर में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक बस स्टैंड के शुभारंभ के बाद जहां शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव कम होने का दावा किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर यह व्यवस्था अब आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है। शहर के लोगों का कहना है कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के नाम पर बनाई गई नई व्यवस्था ने यात्रियों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं।
वर्तमान में पंडरिया मार्ग से आने-जाने वाली अधिकांश बसें मिनीमाता चौक से बायपास होते हुए सीधे रायपुर रोड स्थित नए बस स्टैंड तक पहुंच रही हैं। वहीं रायपुर और दुर्ग-राजनांदगांव मार्ग से आने वाली बसें भी सीधे हाईटेक बस स्टैंड पहुंच जाती हैं। बसों का नगर के अंदर प्रवेश लगभग समाप्त हो गया है। इसके कारण शहर के प्रमुख कार्यालयों और संस्थानों तक पहुंचने वाले लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

सबसे अधिक परेशानी उन मरीजों और उनके परिजनों को हो रही है जिन्हें जिला अस्पताल, निजी अस्पतालों, कलेक्टोरेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला पंचायत, न्यायालय, बैंक तथा अन्य शासकीय कार्यालयों तक पहुंचना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को पहले शहर के भीतर बस से उतरने की सुविधा मिल जाती थी, लेकिन अब उन्हें हाईटेक बस स्टैंड या मिनीमाता चौक में उतरकर ऑटो और अन्य निजी साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त बर्बादी हो रही है।

विद्यार्थियों की स्थिति भी कम चिंताजनक नहीं है। प्रतिदिन कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को बस स्टैंड से शहर तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त किराया देना पड़ रहा है। कई छात्राओं और ग्रामीण विद्यार्थियों ने बताया कि पहले वे सीधे शहर में उतर जाते थे, लेकिन अब उन्हें दोहरी यात्रा करनी पड़ रही है।

स्थिति को और गंभीर बनाने वाला पहलू मिनीमाता चौक की अव्यवस्था है। यहां यात्रियों के लिए कोई समुचित प्रतीक्षालय नहीं है। बारिश और तेज धूप के दौरान यात्रियों को खुले आसमान के नीचे खड़े रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

इसके अलावा मिनीमाता चौक में ऑटो रिक्शाओं का अनियंत्रित संचालन और अव्यवस्थित पार्किंग भी बड़ी समस्या बन गई है। ऑटो चालक इधर-उधर वाहन खड़ा कर सवारियों की प्रतीक्षा करते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बार यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

शहरवासियों का कहना है कि हाईटेक बस स्टैंड का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधा प्रदान करना था, लेकिन बिना समुचित वैकल्पिक व्यवस्था के बसों का नगर प्रवेश बंद कर देना जनहित के विपरीत साबित हो रहा है। यदि शहर के प्रमुख स्थानों तक सिटी बस, यात्री प्रतीक्षालय और व्यवस्थित ऑटो स्टैंड की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।

स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और विद्यार्थियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रमुख मार्गों की कुछ बसों को पुनः शहर के अंदर प्रवेश की अनुमति दी जाए ।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment