हरीश सोनी जिला संपादक केसरिया हिंदुस्तान
आलीराजपुर। उदयगढ़ स्थित शासकीय कन्या शिक्षा परिसर की कुछ छात्राएं अपनी समस्याओं को लेकर सोमवार को पैदल जिला मुख्यालय के लिए निकल पड़ीं। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। छात्राओं ने अधिकारियों से चर्चा के दौरान स्पष्ट कहा कि वे अपनी बात सीधे कलेक्टर के सामने ही रखेंगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर नीतू माथुर स्वयं उदयगढ़ पहुंचीं और सड़क पर ही छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और भावनाएं समझी। इसके बाद सभी छात्राओं को सुरक्षित वाहन से वापस कन्या शिक्षा परिसर पहुंचाया गया।
परिसर में आयोजित बैठक में छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें रखीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को भोजन की गुणवत्ता में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। चर्चा के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ छात्राएं पूर्व में छात्रावास की खिड़की की जाली तोड़कर रात में बाहर निकल गई थीं। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित छात्राओं के पालकों को छात्रावास बुलाने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने छात्राओं से कहा कि भविष्य में किसी भी समस्या या शिकायत को शिक्षक, वार्डन अथवा संबंधित अधिकारियों के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाएं। बिना सूचना दिए छात्रावास या परिसर से बाहर निकलना उचित नहीं है। उन्होंने छात्राओं को अनुशासन बनाए रखने की समझाइश देते हुए मंडल संयोजक को नियमित निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर, एसडीएम जोबट, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, सीईओ जनपद पंचायत उदयगढ़ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







