संजय रैकवार/जिला ब्यूरो, दमोह
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
दमोह। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत सागर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) मिथिलेश शुक्ला मंगलवार को दमोह पहुंचे। उन्होंने एकलव्य विश्वविद्यालय में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपाय बताए।
आईजी श्री शुक्ला ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस कभी भी वीडियो कॉल कर किसी को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती। यदि पुलिस के नाम से वीडियो कॉल, धमकी या डिजिटल अरेस्ट का दावा करने वाला कोई कॉल आए तो घबराने के बजाय तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर इसकी सूचना दें।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम, सीवीवी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साथ ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतें।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया, नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे, सूबेदार अभिनव साहू, देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय, सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दांगी, एकलव्य विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पवन जैन, प्रो. प्रफुल्ल शर्मा सहित विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, स्टाफ एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल वातावरण तैयार करना है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







