जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजन की समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

SHARE:

दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान

किसानों से खेती-किसानी की जानकारी ली, लंबित भुगतान, राशन वितरण, अतिक्रमण और मजदूरी भुगतान संबंधी मामलों में जांच के निर्देश
बिलासपुर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों का शीघ्र परीक्षण कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल तथा अपर कलेक्टर श्री शिवकुमार बनर्जी ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं।जनदर्शन के दौरान कलेक्टर श्री अग्रवाल ने किसानों से खेती-किसानी की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की। किसानों ने बताया कि जिले में पर्याप्त वर्षा होने से खरीफ फसलों की बुआई और अन्य कृषि कार्य तेजी से चल रहे हैं। कलेक्टर ने किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा कृषि गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए प्रेरित किया।मस्तूरी विकासखंड के ग्राम सुकुलकारी निवासी श्री राजकुमार सोनी ने ग्राम पंचायत जलसों के पंचायत भवन में किए गए विद्युत फिटिंग कार्य का दो वर्षों से लंबित भुगतान दिलाने का आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए आवेदन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भेजा।मस्तूरी विकासखंड के लिमतरा गांव में संचालित उचित मूल्य दुकान में पिछले चार से छह माह से राशन वितरण नहीं किए जाने की शिकायत भी जनदर्शन में प्राप्त हुई। कलेक्टर ने खाद्य नियंत्रक को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।तखतपुर विकासखंड के ग्राम पेंडारी निवासी किसान श्री लक्ष्मी प्रसाद कौशिक ने खेत तक पहुंचने वाले मार्ग पर शासकीय भूमि में किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को प्रकरण का परीक्षण कर मार्ग को अविलंब अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए। तिफरा निवासी दिव्यांग कर्मचारी श्री दुर्गा केंवट ने समाज कल्याण विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्य करते हुए वेतन भुगतान में हो रही देरी की शिकायत की। कलेक्टर ने संयुक्त संचालक, समाज कल्याण विभाग को आवश्यक कार्रवाई कर लंबित भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बिल्हा जनपद पंचायत के ग्राम कड़ार से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बिना कार्य किए मजदूरी भुगतान किए जाने की शिकायत भी प्राप्त हुई। कलेक्टर ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जनदर्शन में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर योजना से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को भू-अभिलेख शाखा भेजते हुए पात्रता का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में जिला प्रशासन लगातार सक्रियता से कार्य कर रहा है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment