क्षेत्र में लगातार बारिश से खिले किसानों के चहरे धान की रोपाई शुरू समय पर बिजली आपूर्ति की मांग

SHARE:

केसरिया हिंदुस्तान सचिन दीक्षित गंजबासौदा

गंजबासौदा। विदिशा जिले सहित गंजबासौदा क्षेत्र में पिछले दो तीन दिनों से लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने किसानों के चेहरों पर खुशी लौटा दी है। खेतों में पर्याप्त नमी होने के बाद किसानों ने धान की रोपाई का कार्य तेज़ी से शुरू कर दिया है। वहीं क्षेत्र में पहले ही सोयाबीन, उड़द, मक्का सहित अन्य खरीफ फसलों की बुवाई लगभग पूरी हो चुकी है।
किसानों का कहना है कि लगातार हुई बारिश से सोयाबीन एवं अन्य फसलों को पर्याप्त नमी मिल गई है, जिससे फसलों की बढ़वार बेहतर होने की उम्मीद है। अच्छी वर्षा के चलते खेतों में कृषि कार्यों ने भी रफ्तार पकड़ ली है।
हालांकि किसानों ने बिजली विभाग से समय पर और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की है। उनका कहना है कि धान की रोपाई के दौरान ट्यूबवेल चलाने के लिए नियमित बिजली मिलना बेहद आवश्यक है। यदि समय पर बिजली नहीं मिलती है तो खेतों में पानी भरने में परेशानी होती है और मजदूरों को काम न होने के बावजूद बैठाकर उनकी मजदूरी देनी पड़ती है, जिससे खेती की लागत बढ़ जाती है।
क्षेत्र के किसान ने बताया कि उनके गांव में बार-बार बिजली गुल होने के कारण वे समय पर ट्यूबवेल नहीं चला पाते। इससे खेतों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता और धान की रोपाई का कार्य प्रभावित होता है। उन्होंने बिजली विभाग से मांग की कि किसानों को नियमित और पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि धान की रोपाई समय पर पूरी हो सके और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment