साइबर सेफ क्लिक 0.2 अभियान के अंतर्गत चांदामेटा बाजार में जन-जागरूकता (चौपाल) हुई आयोजित

SHARE:

केसरिया हिंदुस्तान जिला ब्यूरो महेश शिवहरे

छिंदवाड़ा/चांदामेटा :- आज साइबर सेफ क्लिक अभियान 2.0″ के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा के कुशल मार्गदर्शन में चांदामेटा बाजार क्षेत्र में एक विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जितेंद्र सिंह जाट उप पुलिस अधीक्षक(अनुभाग परासिया) द्वारा चांदामेटा पुलिस स्टाफ के साथ चांदामेटा बाजार चौक में गोल घेरा बनाकर चौपाल लगाकर आम नागरिकों, व्यापारियों एवं युवाओं से सीधे संवाद स्थापित किया गया तथा उन्हें वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों के बारे में सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों ने भी अपने अनुभव साझा किए। कुछ व्यक्तियों ने बताया कि उनके साथ बस टिकट बुकिंग के नाम पर, दबाव बनाकर भेजे गए फर्जी लिंक के माध्यम से तथा अन्य ऑनलाइन तरीकों से साइबर ठगी की गई थी। इन वास्तविक घटनाओं पर खुलकर चर्चा की गई ताकि अन्य नागरिक ऐसी धोखाधड़ी से सतर्क रह सकें।
पुलिस द्वारा नागरिकों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें, किसी भी प्रकार का ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, यूपीआई पिन अथवा पासवर्ड किसी से साझा न करें। वीडियो कॉल के माध्यम से होने वाली डिजिटल अरेस्ट, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल (सेक्सटॉर्शन), फर्जी कस्टमर केयर, ऑनलाइन जॉब, निवेश, केवाईसी अपडेट, स्क्रीन शेयरिंग ऐप तथा सोशल मीडिया हैकिंग जैसे साइबर अपराधों से बचने के उपाय भी विस्तार से समझाए गए।
इस अवसर पर साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करने की जानकारी भी दी गई। नागरिकों से अपील की गई कि साइबर ठगी होने पर बिना विलंब शिकायत करें, क्योंकि त्वरित सूचना मिलने पर ठगी गई राशि को सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नागरिकों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं जागरूक रहेंगे, दूसरों को भी जागरूक करेंगे तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देंगे।
पुलिस का उद्देश्य केवल साइबर अपराध होने के बाद कार्रवाई करना नहीं
बल्कि प्रत्येक नागरिक को जागरूक बनाकर साइबर अपराधों को होने से पहले ही रोकना है!

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment