हमीरपुर
ब्यूरो चीफ कामिनी सिंह
भरुआ सुमेरपुर। आजादी के बाद आज भी क्षेत्र का इंगोहटा रेलवे स्टेशन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में बदहाल स्थिति में है। विभागीय उपेक्षा के चलते स्टेशन पर यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। मानसून के दौरान यह समस्या और गंभीर हो गई है।
स्टेशन पर न तो यात्री प्रतीक्षालय है और न ही टीन शेड। ट्रेन आने के समय यात्रियों को खुले आसमान के नीचे खड़े होकर इंतजार करना पड़ता है। बारिश शुरू होने पर उनके पास बचने के लिए कोई सुरक्षित स्थान नहीं होता। स्टेशन परिसर में पेड़ तक नहीं हैं, जिससे महिला, बुजुर्ग और बच्चों सहित सभी यात्रियों को भीगते हुए ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे विभाग लंबे समय से स्टेशन की अनदेखी कर रहा है। स्टेशन पर पेयजल, विद्युत, प्लेटफॉर्म, टीन शेड और टिकट खिड़की जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों की मुश्किलें स्टेशन तक ही सीमित नहीं हैं। इंगोहटा बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाला करीब दो किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग भी पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क गहरे गड्ढों में तब्दील होने से पैदल चलना भी कठिन हो गया है। बरसात के दिनों में इस मार्ग पर आवागमन और अधिक जोखिम भरा हो जाता है। रेलवे प्रशासन की उदासीनता को लेकर क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है। स्थानीय नागरिक शिशुपाल सिंह, प्रदीप मिश्रा, अरविंद त्रिपाठी, धनीराम साहू, राकेश गुप्ता, राजेश तिवारी और ज्ञानेश दीक्षित सहित अन्य लोगों ने रेलवे के उच्चाधिकारियों से इंगोहटा रेलवे स्टेशन पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा संपर्क मार्ग का शीघ्र जीर्णोद्धार कराने की मांग की है, ताकि यात्रियों को हो रही कठिनाइयों से राहत मिल सके।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







