नीट से लेकर जमीन घोटाले तक, कांग्रेस ने गिनाईं सरकार की नाकामियां जिला कांग्रेस बोली- जनहित के मुद्दों पर जवाबदेही से नहीं बच सकती सरकार

SHARE:

दैनिक केसरिया हिंदुस्तान से जिला ब्यूरो महेश वर्मा

टीकमगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार शुक्रवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, निवास टीकमगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश और देश से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को उठाते हुए प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा किया। कांग्रेस ने नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण, अयोध्या राम मंदिर चोरी मामले, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगे जमीन घोटाले के आरोप और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने तथा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक जैसे मामलों ने देश के लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे घोटालों से युवाओं का भविष्य संकट में पड़ गया है। कांग्रेस ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस नेताओं ने अयोध्या राम मंदिर चोरी प्रकरण को भी गंभीर बताते हुए कहा कि देश की आस्था से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के दायरे में लाने की आवश्यकता है।

प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर लगे कथित जमीन घोटाले के आरोपों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि आरोपों में सच्चाई नहीं है तो सरकार को पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर सच्चाई जनता के सामने रखनी चाहिए, और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश का किसान खाद, बीज, सिंचाई और फसल के उचित दाम जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। कई क्षेत्रों में किसान परेशान हैं, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। कांग्रेस ने किसानों के हित में तत्काल प्रभाव से ठोस निर्णय लेने की मांग की।

प्रेस वार्ता में जिला प्रभारी प्रभु सिंह ठाकुर, टीकमगढ़ विधायक यादवेन्द्र सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन साहू, जिला संगठन महासचिव संजय नायक, सूर्य प्रकाश मिश्रा, जब्बार खान, नगर अध्यक्ष गौरव शर्मा, राजीव जैन, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष पूनम जायसवाल, सुनील अहिरवार, सुनील जैन, महेंद्र सिंह जसवंतनगर, सुबोत पुरोहित, नरेंद्र यादव तथा सोशल मीडिया प्रभारी नीतेश बिलगैयाँ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर पार्टी लगातार जनता की आवाज उठाती रहेगी और प्रदेश सरकार से हर उस विषय पर जवाब मांगेगी, जो सीधे तौर पर युवाओं, किसानों और आम नागरिकों से जुड़ा हुआ है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment