दैनिक केसरिया हिंदुस्तान ब्यूरो चीफ मनीष कुमार कन्नौजिया महाराजगंज
महराजगंज समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जनपद के कंपोजिट विद्यालय चौपरिया में स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया तथा विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद पीएम श्री विद्यालय सोनरा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर कक्षा-1 में प्रवेश लेने वाले नन्हे विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें पुस्तकें, स्कूल बैग और स्टेशनरी किट वितरित की गई। साथ ही वर्तमान शैक्षणिक सत्र में सर्वाधिक नामांकन करने वाले प्राथमिक विद्यालय बागापार द्वितीय, उच्च प्राथमिक विद्यालय छितही बुजुर्ग, प्राथमिक विद्यालय वनग्राम 26/27 (मिठौरा), पीएम श्री विद्यालय ठाकुर नगर तथा पीएम श्री विद्यालय सोनरा के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने अपने संबोधन में कहा कि विद्या सबसे बड़ा धन है। प्रत्येक बच्चे को विद्यालय तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि वे शिक्षित होकर देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण की शुरुआत 1 अप्रैल से हुई थी, जिसके तहत जनपद में अब तक लगभग 32 हजार नए नामांकन किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कक्षा-1 में नवीन नामांकन के मामले में महाराजगंज प्रदेश के अग्रणी जनपदों में शामिल है। द्वितीय चरण के दौरान सभी विकास खंडों में रैली और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर हर बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, डायट प्राचार्य, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सदर, मध्याह्न भोजन जिला समन्वयक शैलेंद्र वर्मा, जिला समन्वयक दिव्य प्रकाश पाण्डेय, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







