संजय रैकवार/दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
दमोह। चरहाई बाजार में ट्रक की चपेट में आने से 2 वर्षीय मासूम जैस्मिन बंसल की दर्दनाक मौत के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों के प्रवेश को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बुधवार दोपहर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि अब चरहाई बाजार में भारी वाहनों का प्रवेश केवल रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक ही रहेगा। साथ ही सभी वाहनों को सुबह 5 बजे तक बाजार क्षेत्र से बाहर निकालना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद वाहन मिलने पर जुर्माना लगाने का भी निर्णय लिया गया।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व हुए हादसे के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल चौराहे पर प्रदर्शन कर चरहाई बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की थी। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी उठाई थी।
बैठक में व्यापारियों ने कहा कि चरहाई शहर का प्रमुख थोक किराना बाजार है, जहां प्रतिदिन बड़ी मात्रा में माल की आवक होती है। ऐसे में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना व्यावहारिक नहीं है। सभी पक्षों की सहमति से यातायात व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध प्रवेश व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में व्यापारियों ने मासूम जैस्मिन बंसल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन के साथ सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही मृतका के परिजनों को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा भी की गई।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







